औरैया: जल शक्ति मंत्रालय की ओर से नवंबर 2021 में शुरू की गई प्रतियोगिता में स्वामी विवेकानंद इंटर कालेज सहार के ‘वारि टोली’ सदस्य ने भाग लिया था। घोषित परिणाम में दो विजेता बने। इसमें वारि टोली के सदस्य का शाम शामिल है। मंत्रालय से प्रमाण पत्र व 10 हजार रुपये नकद पुरस्कार दिया जाएगा।
स्वामी विवेकानंद इंटर कालेज में ‘वारि टोली’ गठित हुई। इसमें अध्ययनरत कक्षा 12 के छात्र सौरभ कश्यप, दिलीप कुशवाहा, नितिन कुमार, हरितोष कुमार, अमित कुमार, सचिन कश्यप को शामिल किया गया। टीम ने जल संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने का अभियान चलाया। 22 मार्च 2021 से शार्ट फिल्म व चौपाल के जरिए लोगों को पानी की एक-एक बूंद बचाने का संदेश देना शुरू किया। जल शक्ति मंत्रालय भारत सरकार ने भी अपने सोशल मीडिया अकाउंट से छात्रों की इस पहल को सराहा। नवंबर 2021 में मंत्रालय ने एक नई प्रतियोगिता शुरू की। देश भर के लोगों को अपनी स्टोरी शेयर करने के लिए आमंत्रित किया। टोली ने भी अपने समूह के सदस्य सौरभ कश्यप के नाम से स्टोरी एमवाइओवीडाटइन पर शेयर की । घोषित परिणाम में जनवरी 2022 के लिए जिन दो विजेताओं की घोषणा हुई है। उनमें एक नाम सौरभ कश्यप का भी है। जिन्हें मंत्रालय एक प्रमाण पत्र 10000 रुपये का नगद पुरस्कार प्रदान करेगा। टीम की इस उपलब्धि पर प्रबंध समिति के अध्यक्ष अक्षय कुमार पांडेय, प्रबंधक स्वाति, प्रधानाचार्य किशोर कुमार, भौतिकी प्रवक्ता रामेंद्र कुशवाहा,हरेंद्र यादव, दीप नारायण, ममता शुक्ला, निर्मला झा, दुर्गेश नंदिनी सहित सभी शिक्षकों और कर्मचारियों ने हर्ष व्यक्त किया।